हमीरपुर। ग्राम पंचायत जटेहड़ी में लावारिस पशुओं की बढ़ती समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत दिलाने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल हमीरपुर पहुंचा और एसडीएम संजीत से मिलकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई।
विज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रविंद्र कुमार, मीनू शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में लावारिस पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ये पशु खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों के लिए खेती करना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि लावारिस पशु सड़कों पर भी बैठे रहते हैं, जिससे हर समय सड़क दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विशेषकर वाहन चालकों को इन पशुओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की कि पंचायत क्षेत्र में घूम रहे लावारिस पशुओं को जल्द से जल्द गोशाला में भेजने की व्यवस्था की जाए। एसडीएम संजीत ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। संवाद