सलौणी स्कूल में आयोजित पहली शिक्षक मां बैठक के दौरान आयोजित गतिविधियों में भाग लेती माताएं। स्र
हमीरपुर। जिलेभर के 396 प्राथमिक स्कूलों में शनिवार को पहली शिक्षक मां थीम पर बैठकों का आयोजन किया गया। इसमें प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों की माताओं ने भाग लिया। अध्यापकों ने माताओं को स्कूल के साथ-साथ घर पर विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए जागरूक किया। राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलौणी में भी पहली शिक्षक मां थीम पर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता स्कूल मुख्य शिक्षक आशा ने की। इस दौरान प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन से रेणुका शर्मा ने बच्चों के पांच डोमेन बाल मनोविज्ञान, नई शिक्षा नीति 2020 और प्री प्राइमरी करिकुलम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रवासी सहित घरेलू कामकाज में उलझी माताएं स्कूलों में आयोजित बैठकों में नहीं पहुंचती, ऐसे में विद्यार्थियों तक सभी बातें पहुंचाने में अध्यापकों को परेशानी होती है।
राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बड़ा में शुक्रवार को पहली शिक्षक मां के तहत आज मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्याध्यापक प्रदीप कुमार ने की। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों के अतिरिक्त स्कूल के शिक्षक अजय कुुमार, कविता, नवीन आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की ओर से भेजे गए मासिक एजेंडा कार्ड को माताओं के साथ साझा किया और माताओं को विभिन्न गतिविधियां करवाई गई। इस दौरान स्कूल में निपुण मेले का भी आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों को शारीरिक विकास, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, गणित की पूर्व तैयारी करना एवं बच्चों का कोना इत्यादि से संबंधित गतिविधियां करवाई गईं।