संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत पुतड़ियाल की ग्राम सभा की बैठक प्रधान प्रेमलता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपप्रधान संजीव कुमार और पंचायत सचिव जसवंत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र की स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति खुले में कूड़ा-कचरा नहीं फेंकेगा और न ही सड़क या नालियों के किनारे गंदा पानी छोड़ेगा।
ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पंचायत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगी। ग्राम सभा में हिजड़ों की बधाई राशि 3100 रुपये निर्धारित की गई। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में कोई भी फेरी वाला बिना पंचायत की अनुमति के फेरी नहीं लगा सकेगा।पंचायत की अनुमति के बिना पेड़ों की कटाई या लकड़ी से जुड़ी गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उपप्रधान संजीव कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पंचायत घर के निर्माण के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
इस राशि से पंचायत घर के भूतल और चहारदीवारी का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पहली मंजिल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। बैठक में पंच सुनील, बॉबी, अंजू, शकुंतला, राकेश कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर पंचायत सचिव जसवंत सिंह ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्राम सभा के एजेंडे की विस्तृत जानकारी दी।