मक्की की फसल पर फॉल आर्मी कीट का पड़ा प्रभाव। स्रोत : किसान
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत किसान मक्की की फसल को लेकर काफी चिंतित हैं। फॉल आर्मी कीट से मक्की की फसल को बचाने के लिए प्रयोग होने वाली दवाई बेअसर साबित हो रही है। ढटवाल क्षेत्र में पहले ही बारिश और तूफान की वजह से मक्की की फसल तबाह हो चुकी है। किसानों ने बताया कि पहले कृषि विभाग शिविर लगाकर किसानों को जागरूक करता था। इस बार जागरूकता कार्यक्रम बहुत कम हुए हैं। किसानों ने कृषि विभाग से आग्रह किया है कि फॉल आर्मी कीट से मक्की की फसल को बचाया जाए। कृषि विभाग बिझड़ी एसएमएस नवीन कुमार ने बताया कि इस प्रकोप से मक्की की फसल को बचाने के लिए कोरोजन दवाई का प्रयोग करने की सलाह दी जाती है। आजकल लगातार बारिश हो रही है। दवाई के छिड़काव के बाद कुछ घंटों में होने वाली बारिश से दवाई का प्रभाव कम हो सकता है।