विभिन्न दवा आपूर्ति कंपनियों को दिए जाएंगे 250 से अधिक विभिन्न दवाइयों के ऑर्डर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दवाइयों की कमी को दूर करने के प्रयास में कॉलेज प्रबंधन जुट गया है। मेडिकल कॉलेज की ओर से जल्द ही 250 से अधिक विभिन्न दवाइयों के ऑर्डर विभिन्न दवा आपूर्ति कंपनियों को दिए जाएंगे।
इन दवाइयों में बीपी, शुगर, आयरन सहित अन्य विभिन्न प्रकार की दवाइयां शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रोजाना 1000 से 1500 ओपीडी रहती है। अत्याधिक मरीजों के आवागमन के कारण अकसर यहां पर दवाइयों की कमी होती है। अभी भी काफी मात्रा में दवाइयों की कमी चली है। इस कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, मरीजों को महंगे दामों पर दवाइयां भी लेनी पड़ रही हैं। दवा आपूर्ति कंपनियों की ओर से भी कई बार दवाइयों की खेप समय पर नहीं पहुंचाई जाती है। इस कारण भी मरीजों को दवाइयां नहीं मिलती हैं। मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की सप्लाई नियमित रूप से बनी रही, इसके लिए स्थानीय वेंडर्स को दवाइयों के ऑर्डर किए जा रहे हैं।
बावजूद इसके दवाइयों की कमी खलती है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि दवाइयों के आर्डर समय-समय पर दवा कंपनियों को दिए जाते हैं। यदि समय पर दवाइयां नहीं मिलें तो स्थानीय स्तर पर भी ऑर्डर किए जाते हैं। मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध होती हैं।