रंगस(हमीरपुर)। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को बनाने का मॉडल तैयार कर दिया गया है। इस मॉडल के आधार पर ही मेडिकल कॉलेज का आलीशान भवन जोलसप्पड़ में बनेगा। इस मॉडल में दो हिस्सों पर भव्य भवन, सड़क सुविधा, पार्किंग सहित पूरे क्षेत्र का वर्णन है। इसी के आधार पर कॉलेज को बनाने का कार्य जोरों से शुरू हो गया है। विभाग ने मेडिकल कॉलेज भवन को सितंबर 2022 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा है। भवन बनने के बाद हमीरपुर में अस्थायी रूप से चल रहा मेडिकल कॉलेज यहां से जोलसप्पड़ स्थानांतरित होगा।
बता दें कि जोलसप्पड़ में 355 करोड़ रुपये की लागत मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए यह कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। विभाग ने मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जोरों से शुरू कर दिया है। मॉडल बाकायदा निर्माणाधीन जगह पर भी रखा गया है। लोगों में मेडिकल कॉलेज के बनने को लेकर खुशी की लहर बनी हुई है। मेडिकल कॉलेज के कार्यपालक अभियंता जीएस बिष्ठ ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को बनाने के लिए कार्यों को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग कर रहा है। एक कंपनी को इसे बनाने का ठेका मिला है, जिसके ठेकेदारों ने कार्य शुरू करवा दिया है। मेडिकल कॉलेज का भवन 355 करोड़ रुपये से बनाया जाएगा। जिसे सितंबर 2022 तक बनाने का लक्ष्य है। मेडिकल कॉलेज का मॉडल तैयार कर यहां लाया गया है।