नगर निगम हमीरपुर के तहत हथली खड्ड के पुल के समीप मांस की दुकानों को शिफ्ट करने के लिए चयनित भूम
- फोटो : उद्योग बंधु समिति की बैठक में मौजूद अधिकारी व अन्य।
हमीरपुर। जिला मुख्यालय के बाजार में विभिन्न स्थानों पर स्थित मांस की दुकानों को अब शीघ्र ही नया ठिकाना मिलेगा। शहर के बीचोंबीच स्थित इन मांस की दुकानों को बाजार से शिफ्ट कर शहर से बाहर बसाया जाएगा।
इससे लोगों को भी राहत मिलेगी। नगर निगम हमीरपुर ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है तथा जमीन भी चिह्नित कर ली है। नगर निगम हमीरपुर के तहत बस स्टैंड के अलावा शहर में भी कई स्थानों पर मांस और मछली विक्रेताओं की दुकानें हैं। इससे कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम ने इन्हें एक ही स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया है।
नगर निगम ने इन मांस की दुकानों को हथली खड्ड पुल के समीप खाली जमीन पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने प्रस्तावित 150 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट में मांस की दुकानों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना तैयार कर ली है।
हमीरपुर शहर में मुख्य बाजार में तथा बस स्टैंड के समीप दस से अधिक दुकानें हैं। अगर नगर निगम की यह कवायद सफल हो जाती है, तो लोगों को काफी राहत मिलेगी। अधिकारियों की मानें तो वहां पर किसी ने खाली क्रेट फेंके हुए हैं तथा इस जमीन का कोई उपयोग नहीं हो रहा है। इससे नगर निगम का अपनी जमीन पर भी कब्जा हाे जाएगा और आमदन भी शुरू हो जाएगी।
कोट :
नगर निगम ने हथली पुल के समीप खाली जमीन को चिह्नित किया है। यहां पर मांस की दुकानों को शिफ्ट किया जाएगा। नगर निगम ने 150 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट में भी इस योजना को शामिल किया है।
-राम प्रसाद शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम, हमीरपुर