हमीरपुर। नगर परिषद के उपाध्यक्ष और लगातार सात बार निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने वाले दीप कुमार बजाज का खुद का वार्ड इस बार अनुसूचित जाति वर्ग से महिला के लिए आरक्षित हो गया है। मंगलवार को नगर परिषद हमीरपुर में आरक्षण को लेकर एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल चौहान की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में तहसीलदार, बीडीओ, विधि अधिकारी समेत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पर्ची सिस्टम से महिला आरक्षण का फैसला किया गया।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज ने इस बार वार्ड नंबर दो से चुनाव जीता है। वह सात बार चुनाव जीत चुके हैं। इस दौरान वह दो बार नप अध्यक्ष, चार बार उपाध्यक्ष रहे हैं। लेकिन इस बार वार्ड नंबर 2 एससी महिला के लिए आरक्षित होने से अब उन्हें नया वार्ड ढूंढना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि उनका घर व शॉपिंग कांप्लेक्स वार्ड नंबर 4 में आता है, जिसके चलते वह इस बार वार्ड नंबर चार से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि नप की अध्यक्ष सुलोचना देवी का वार्ड नंबर 10 इस बार फिर से महिला के लिए आरक्षित है। जिससे जाहिर है कि वह अपने ही वार्ड से चुनाव लड़ेंगी। वर्ष 2015 दिसंबर माह में हुए चुनाव में वार्ड नंबर एक और 9 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था। लेकिन इस बार वार्ड नंबर दो और 3 एससी के लिए आरक्षित है। जिसके चलते भाजपा के फायर ब्रांड नेता अनिल सोनी का वार्ड नंबर-3 भी आरक्षण की जद में आ गया है। अब वह किस वार्ड से चुनाव लड़ते हैं, यह देखना भी दिलचस्प रहेगा। नगर परिषद में सबसे महंगे 28 लाख रुपये मासिक सफाई टेंडर और नगर परिषद के पार्किंग स्थलों को बार-बार एक ही व्यक्ति को आवंटित करने के नगर परिषद के फैसले के विरोध के कारण काफी चर्चा में रहे। उनके विरोध के कारण जहां सफाई टेंडर दोबारा से हुआ वहीं पार्किंग आवंटन का प्रस्ताव भी रद्द हुआ था। लेकिन मंगलवार को नए आरक्षण रोस्टर ने कइयों की चूलें हिला दी हैं। इस बार नगर परिषद चुनाव में नए समीकरण बनने के आसार हैं।
यह रही नगर परिषद में आरक्षण की स्थिति-
नगर परिषद हमीरपुर का वार्ड नंबर 1, 4, 5, 6, 11 सामान्य वर्ग के लिए, वार्ड नंबर 2 अनुसूचित जाति महिला, वार्ड नंबर 3 अनुसूचित जाति पुरुष, वार्ड नंबर 7,8, 9,10 महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है।