मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी को शिकायत पेटी में मिली विद्यार्थियों की समस्या के बाद लिया निर्णय
स्टूडेंट हॉस्टल में औचक निरीक्षण बढ़ाए जाएंगे , तनाव मुक्त माहौल देने का प्रयास करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक वीरवार को कॉलेज के सम्मेलन हॉल में हुई। बैठक की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने की। बैठक में कॉलेज परिसर, हॉस्टलों और पीजी के आसपास रैगिंग को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंधों पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए।
कॉलेज और अस्पताल के परिसर में यूजीसी की गाइडलाइन के तहत एंटी रैगिंग के पोस्टर लगाने के कार्य को जल्द पूरा करने और एमबीबीएस के प्रथम वर्ष के छात्रों के हॉस्टल में विशेष तौर पर एंटी रैगिंग स्क्वायड की ओर से औचक निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा अकादमिक ब्लाॅक में लगाई गई शिकायत पेटी में छात्रों की ओर से तीन शिकायतें मिली हैं।
इन शिकायतों का निपटारा भी बैठक में किया गया है। सबसे अहम समस्या और शिकायत एमबीबीएस प्रशिक्षुओं की ओर से यह बताई गई है कि बीमार होने की स्थिति में उन्हें पर्ची काउंटर पर लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में पर्ची जल्द बनाए जाने की शीघ्र व्यवस्था करने की मांग उठाई गई है। प्रशिक्षुओं की इस मांग को पूरा करते हुए यह निर्णय लिया गया है कि स्टूडेंट्स को पर्चियां बनाने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा, इसके लिए उन्हें अलग से सुविधा दी जाएगी। हॉस्टलों में ड्रग फ्री माहौल उपलब्ध करवाने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा । इसके लिए पुलिस की मदद भी ली जाएगी। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के मेंटरशिप का कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके अलावा जो विद्यार्थी मेडिकल की पढ़ाई के समन्वय नहीं बिठा पा रहे हैं, उनके मनोविज्ञान सत्र भी आयोजित किए जाएगा। प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि विद्यार्थियों को तनाव मुक्त माहौल देने का प्रयास किया जा रहा है। इसे लेकर बैठक में चर्चा हुई है। बैठक में स्टूडेंट हॉस्टल में औचक निरीक्षण किए जाने का निर्णय लिया गया है। शिकायती पत्रों पर संज्ञान लेते हुए उनका तुरंत समाधान किया गया है।