भोरंज (हमीरपुर)। हमीरपुर के पुलिस थाना भोरंज के तहत गांव पंचायत कैहरवीं के अंतर्गत गांव डेरा में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मायका पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मृतरा की पहचान 25 वर्षीय रचना देवी पत्नी नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक बेटी की मौत की सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे और उन्हो़ंने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी को तंग करने के आरोप लगाए। इस दौरान मायका पक्ष के लोगों ने करीब ने सड़क पर करीब आधा घंटा चक्का जाम किया। वहीं, मायके वालों के हंगामे को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस के वहां पहुंचने पर सड़क मार्ग को बहाल किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
वहीं, ससुराल पक्ष के मकान को पुलिस ने पूरी तरह सील कर दिया। पुलिस इस केस की गहनता से छानबीन कर रही है कि मौत के क्या कारण रहे हैं। महिला अपने पीछे छह वर्ष का बेटा और तीन वर्षीय बेटी छोड़ गई है। वहीं, इस बारे पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि महिला की मौत पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है, जिनमें पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी शामिल हैं।