हमीरपुर। करवाचौथ पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ने लगी है। 29 अक्तूबर को मनाए जाने वाले करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। महिलाएं नए कपड़े और आकर्षक परिधानों की खरीदारी के साथ टेलरों के पास सूट सिलवाने पहुंच रही हैं।
इस बार पारंपरिक डिजाइनों के साथ आधुनिक स्टाइल के सूट भी पसंद किए जा रहे हैं। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार गले की कढ़ाई, बाजू के पैटर्न और आकर्षक कटिंग वाले सूट तैयार करवा रही हैं। करवाचौथ के लिए लाल, गुलाबी और अन्य पारंपरिक रंगों के परिधानों की मांग भी है। टेलरों के पास पर्व से पहले ही सूट सिलवाने के ऑर्डर पहुंचने शुरू हो गए हैं।
वहीं, दुकानदारों ने करवाचौथ के लिए छलनी, पूजा की थाली और अन्य जरूरी सामान का स्टॉक मंगवाना शुरू कर दिया है। पर्व नजदीक आने के साथ बाजारों में खरीदारी और रौनक बढ़ने की संभावना है।