मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जूनोसिस दिवस मनाते अधिकारी व प्रतिभागी। स्रोत : स्वास्थ्य व
हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में जूनोसिस दिवस मनाया गया। इस दौरान लोगों को संक्रमित पशुओं से फैलने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने बताया कि जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमारियों को जूनोसिस कहा जाता है। इनमें रेबीज, स्वाइन फ्लू, बर्ड फ्लू, प्लेग, स्क्रब टायफस, इबोला और मंकीपॉक्स जैसी गंभीर बीमारियां शामिल हैं।
जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बीरबल वर्मा ने बताया कि संक्रमित जानवरों के काटने, उन्हें छूने के बाद हाथ न धोने, दूषित डेयरी उत्पाद या अधपका मांस खाने से ये बीमारियां फैल सकती हैं। उन्होंने कहा कि जानवरों को छूने के बाद हाथ साबुन-पानी से धोने, दूषित उत्पादों से परहेज करने, और पशुओं का नियमित टीकाकरण करवाने से संक्रमण से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर बीसीसी समन्वयक सुलोचना ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया और पशुजनित रोगों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। संवाद