मनरेगा के तहत वित्त वर्ष 2017-18 में 74 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस बजट से जिलाभर में कुल 9,786 विकास कार्य होंगे। जिला परिषद भवन हमीरपुर में सेल्फ कार्यों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इसका आयोजन जिप अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुआ।
ब्लॉक नादौन में मनरेगा के तहत कुल 1347.35 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे 1,113 विकासकार्य होंगे। इनमें बीडीओ नादौन के 1,049, लोनिवि के 63 और बागवानी संबंधी एक कार्य होगा। वहीं बिझड़ी ब्लॉक में 1,859 विकास कार्यों पर कुल 1718.29 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे।
वहीं भोरंज ब्लॉक में 1603.73 लाख रुपये से 1,755 विकास कार्य, सुजानपुर ब्लॉक में 415.61682 लाख रुपये से 560 कार्य, बमसन ब्लॉक में 1775.92 लाख रुपये से 3,751 कार्य और हमीरपुर ब्लॉक में 628.67398 रुपये के बजट से कुल 748 कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इसके अलावा तीन ब्लॉकों के लिए वित्त वर्ष 2016-17 में फोकस एरिया स्कीम के तहत 279.094 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे 944 विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
इनमें ब्लॉक नादौन में 158.124 लाख रुपये से 570, बमसन ब्लॉक में 47.20 लाख रुपये से 224 विकासकार्य और बिझड़ी ब्लॉक में 73.77 लाख रुपये की लागत से 150 विकासकार्य किए जांएगे। इस मौके पर बैठक में जिला परिषद के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के अलावा उपाध्यक्ष चंदू लाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए संजीत ठाकुर सहित सभी जिला परिषद सदस्य मौजूद रहे।