बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत लोगों की आरडी मैच्योर होने पर भुगतान न करने वाली कंपनी के प्रबंधक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रबंधक से गहनता से पूछताछ कर रही है। वीरवार को उसे कोर्ट में भी पेश किया जाएगा।
पुलिस थाना बड़सर के तहत एक निजी कंपनी ने क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने आरडी और एफडी करवाई हैं। इस कंपनी से अधिक ब्याज मिलने के चक्कर में लोगों ने अपनी खून पसीने की कमाई भी यहां लगा दी। मैच्योरिटी पर जब कंपनी की ओर से भुगतान नहीं हुआ तो लोगों ने प्रबंधक से पूछताछ की। प्रबंधक भी आनाकानी करने लगा। जब आरडी मैच्योर होने पर कंपनी ने लोगों का भुगतान नहीं किया तो वर्ष 2020 में कुछ लोग पुलिस थाना बड़सर पहुंचे। यहां पर लोगों ने कंपनी प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज किया और छानबीन शुरू की। अब पुलिस ने कंपनी के प्रबंधक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस कंपनी के पास लोगों के 70 लाख से अधिक रुपये फंसे हुए हैं। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्जकर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस वीरवार को उसे कोर्ट में पेश करेगी। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।