हमीरपुर। राजकीय टीजीटी कला संघ के प्रदेश महासचिव विजय हीर ने सरकारी स्कूलों में मिड-डे-मील योजना के लिए गैस सिलिंडरों की सप्लाई सुचारु रूप से करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सारे स्कूलों से खाली सिलिंडर का ब्योरा लेकर गैस की सप्लाई हर स्कूल को दी जाए। इसके लिए रूट बनाया जाए और हर खंड के स्कूलों में गैस सिलिंडर पहुंचाए जाएं।
विजय हीर ने कहा कि लंबे समय से एलपीजी सप्लाई सामान्य रूट से नहीं हो रही है और अनेकों स्कूलों को सिलिंडर लेकर स्वयं गैस एजेंसी जाना पड़ रहा है और एजेंसी के प्रभारी शिक्षकों को एलपीजी सिलिंडर नहीं दे रहे हैं। यदि गैस सिलिंडर की आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो मिड-डे-मील पकना बंद भी हो सकता है। इसलिए सिविल सप्लाई विभाग को इस बारे में उचित प्लान बनाकर निर्देश सभी गैस एजेंसियों को जारी करने चाहिए। संवाद