हमीरपुर। किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार प्राकृतिक विधि से उगाई गई मक्की, गेहूं और हल्दी की फसलों को अलग से उच्च समर्थन मूल्य दे रही है। जिला हमीरपुर में भी बीते खरीफ सीजन की मक्की की खरीद 15 नवंबर से आरंभ की जा रही है।
आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि 15 नवंबर को नादौन में खाद्य आपूर्ति निगम के गोदाम में क्षेत्र के किसानों से मक्की खरीदी जाएगी। यह मक्की प्राकृतिक खेती से तैयार होनी चाहिए। यह मक्की 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी जाएगी। 17 नवंबर को हमीरपुर के निकट पक्का भरो में स्थित खाद्य आपूर्ति निगम के गोदाम में भी मक्की की खरीद होगी।
प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की के लिए 40 रुपये प्रति किलोग्राम, गेहूं के लिए 60 रुपये और हल्दी के लिए 90 रुपये प्रति किलोग्राम दाम तय किए हैं। इसके अलावा दो रुपये का परिवहन उपदान भी दिया जा रहा है।
वहीं, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को देसी गाय की खरीद पर 25 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। पांच हजार रुपये की परिवहन सब्सिडी तथा पशु मंडी की दो हजार रुपये तक की फीस की अदायगी भी परियोजना के तहत की जाती है। गोशाला के फर्श को पक्का करने और गोमूत्र एकत्रित करने की व्यवस्था के लिए आठ हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है।