सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर की ग्राम पंचायत डेरा के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला डेरा में कई वर्षों से स्कूल के एक कमरे पर कब्जे करने वाले शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी किया है। शिक्षा विभाग ने तुरंत कमरा खाली करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि करीब 20-25 वर्षों से स्कूल के एक कमरे पर महिला मंडल ने कब्जा जमा कर रखा था। पूर्व में नोटिस मिलने के बाद भी महिला मंडल ने कमरा खाली नहीं किया था।
वर्षों तक स्कूल भवन के एक कमरे में महिला मंडल चलता रहा, लेकिन संबंधित पंचायत के प्रतिनिधियों को भी इसके बारे में जानकारी नहीं थी। डेरा पंचायत की प्रधान सोनिया कुमारी ने कहा कि इस मामले की वार्ड सदस्य से जानकारी मिली है। 20 से 25 वर्ष से प्राथमिक स्कूल के एक कमरे में पंचायत में ही संचालित होने वाले महिला मंडल की ओर से कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। मगर किसी भी शिक्षक न स्कूल के कमरे को खाली करवाने की कोशिश नहीं की गई। वर्ष 2008 में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के माध्यम से महिला मंडल को नोटिस भी जारी हुआ है। मगर नोटिस के 15 वर्ष बाद भी कमरा खाली नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय शिक्षा विभाग के नाम स्कूल की जमीन नहीं हुई थीं, उस समय यहां पर महिला मंडल चलता था। पंचायत के ही एक दानी सज्जन ने स्कूल निर्माण के लिए जमीन शिक्षा विभाग को दी थी। इसके बाद यहां स्कूल का निर्माण करवाया गया। इसके बाद यहां पर चल रहे महिला मंडल भवन को प्रथम धरातल से उठाकर दूसरे मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया।
स्कूल भवन में चार कमरे हैं। एक कमरे में महिला मंडल और दूसरे में आंगनबाड़ी केंद्र चल रहा है। दो अन्य कमरों में पहली से पांचवीं कक्षा तक के 13 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल में भवन होने के बाद भी विद्यार्थियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मैंने हाल ही में सुजानपुर में खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यभार संभाला है। मामले की सूचना मिलते ही प्राथमिक स्कूल का भी दौरा किया है। महिला मंडल को नोटिस देकर शीघ्र कमरा खाली करने के निर्देश दिए हैं।
-देशराज, खंड शिक्षा अधिकारी, सुजानपुर
शिक्षा विभाग एवं खंड शिक्षा अधिकारी से इस संबंध में जवाब मांगा गया है। अगर ऐसा हुआ है तो यह गलत है। कमरा खाली करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। कमरा महिला मंडल को क्यों दिया गया। इतने वर्ष बीत जाने के बावजूद ऐसे कैसे चलता रहा, इस पर भी जानकारी मांगी गई है।
- राकेश शर्मा, एसडीएम, सुजानपुर