जिला मुख्यालय हमीरपुर के गांधी चौक पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की सरेआम अनदेखी हुई। कांग्रेसियों ने यहां स्थापित महात्मा गांधी की बिना चश्मे वाली प्रतिमा पर फूलमालाएं फहनाकर श्रद्धांजलि दे दी।
श्रद्धांजलि देने वालों में मुख्य संसदीय सचिव इंद्रदत्त लखनपाल, कांग्रेस सेवादल प्रमुख अनुराग शर्मा, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। लेकिन किसी भी कांग्रेस पार्टी के नुमाइंदे की महात्मा गांधी के चश्मे पर नजर नहीं गई। सभी एक के बाद एक कर फूलमालाएं पहनाते गए।
कांग्रेस नेताओं की कार्यप्रणाली को लेकर शहरवासियों में भारी आक्रोश है। कुछ देर के बाद मीडिया के सवाल उठाने पर कांग्रेस नेता हरकत में आए। सीपीएस आईडी लखनपाल ने नगर परिषद हमीरपुर के अधिकारियों को मौके पर तलब किया। सीपीएस ने नप के अधिकारियों को शीघ्र प्रतिमा पर चश्मे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। शनिवार को महात्मा गांधी के शहीदी दिवस के मौके पर कांग्रेस सेवादल के प्रमुख अनुराग शर्मा की अगुवाई में कांग्रेसियों ने सर्वहित सुधार सभा से लेकर गांधी चौक तक मौन जुलूस निकाला।
इसके बाद गांधी चौक पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। लेकिन ऐनक की ओर न तो आधा किलोमीटर पर बैठे जिला प्रशासन ने ध्यान दिया और न ही कांग्रेस सरकार के नुमाइंदों की नजर-ए-इनायत हुई।