संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। मंडी-हमीरपुर एनएच निर्माण के चलते प्रभावित परिवार लगातार दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। दरकोटी निर्माण सेना में कार्यरत सैनिक प्यार चंद भी एनएच प्रभावित हैं।
सैनिक का घर भी एनएच निर्माण की जद में आया है। इस मकान के लिए दो बार मुआवजा भी उन्हें मंत्रालय की ओर से दिया गया है, लेकिन सैनिक का दावा है कि मकान के जिस हिस्से का मुआवजा दिया गया है, उसे हटा दिया गया है, लेकिन अब बाकी बचे हिस्से को हटाने की धमकी दी जा रही है, जो कि गलत है।
वहीं, मंत्रालय के अधिकारियों का दावा है कि नियमों के तहत यहां पर मकान के कुछ हिस्से को ही हटाया गया है। इस संबंधी दरकोटी के ग्रामीण संजीव, सतीश, विचित्र, राजकुमार, विजय कुमार, मदन लाल भी वीरवार को प्यार चंद के मकान के पास जुट गए।
ग्रामीणों ने कहा कि बुर्जी तथा तय निशान से एक इंच भी आगे आने से निर्माण कंपनी को रोक रखा है, लेकिन फिर भी निर्माण कंपनी की धौंस खत्म नहीं हो रही है। प्यार चंद के भाई संजीव ने बताया कि उनका भाई पाकिस्तान बॉर्डर पर सेवाएं दे रहा है। वहीं, निर्माण कंपनी बार-बार मकान तोड़ने की धमकियां दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्वाइंट नंबर 150 के पास जितना निशान लगाया था, उतना मकान स्वयं ही हमने तुड़वा दिया है। अब दूसरी तरफ रसूखदारों की जमीन बचाने के लिए हमारे बचे हुए मकान को भी तोड़ने की कोशिश की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाईवे नंबर तीन के प्वाइंट नंबर 150 के पास दरकोटी में तुरंत हस्तक्षेप कर सैनिक के मकान को बचाने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कंपनी ने जोर जबरदस्ती से मकान को तोड़ा, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।