भोटा में खाद्य पदार्थों के सैंपल लेतीं एफएसओ व अन्य।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोटा (हमीरपुर)। ईट राइट अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल वैन शुक्रवार को नगर पंचायत भोटा में पहुंची। यहां खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु बाला की अगुवाई में 30 खाद्य और पेय पदार्थों के सैंपल जांचे गए। इनमें से 29 सैंपल तो मानकों पर खरे उतरे, लेकिन लोकल दूध के सैंपल में पानी अधिक पाया गया। लोकल दूध का सैंपल पानी की अधिकता के चलते फेल हुआ।
खाद्य सुरक्षा विभाग का ईट राइट अभियान जिले में 16 फरवरी तक चलेगा। इसके तहत लोगों के खाद्य पदार्थों के सैंपलों की जांच मौके पर ही की जाएगी। साथ ही लोगों को शुद्ध व पौष्टिक आहार के बारे में जागरूक भी किया जाएगा। यह मोबाइल वैन धर्मशाला से आई है और इसमें लोग दूध, चटनी, जूस, सॉस, कुकिंग तेल, पानी आदि के सैंपल जांच करवा सकते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु बाला ने कहा कि भोटा में शुक्रवार को 30 सैंपल जांचे गए। इनमें से 29 सही पाए गए, जबकि लोकल दूध के एक सैंपल में पानी अधिक निकला है। इस दौरान लैब एनालिस्ट अक्षय कुमार, लैब अटेंडेट चंदन कुमार भी मौजूद रहे।