हमीरपुर। मैहरे कस्बा में गारली रोड के पास स्थित एक निजी होटल में दबिश देकर आबकारी एवं कराधान विभाग ने शराब की 13 बोतलें बरामद की हैं। वहीं, विभाग की टीम ने होटल के साथ खड़ी एक कार से भी 54 बोतलें बरामद की हैं। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर होटल में दबिश दी। इस दौरान होटल में बिना लाइसेंस और परमिट के पांच बोतल देसी शराब, एक बोतल अंग्रेजी शराब और सात बीयर की बोतलें बरामद की। उधर, इस होटल के साथ ही खड़ी एक कार की जांच भी विभागीय टीम ने की तो कार से 30 बोतलें अंग्रेजी शराब और 24 बोतलें बीयर की बरामद की। विभाग ने आबकारी अधिनियम के तहत होटल संचालक से मौके पर ही 10000 रुपये और कार मालिक से 25 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। इस कार्रवाई में विभाग की ओर से सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी अनुराग गर्ग, राज्य कर अधिकारी कुलदीप जंवाल, सह राज्य कर अधिकारी नितिन गुप्ता और विकास शर्मा मौजूद रहे। उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी विशाल गोरला ने कहा कि अवैध कारोबार करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।