मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लिफ्ट ठीक होने का इंतजार करते मरीज। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में तीन दिन से एक लिफ्ट खराब होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लिफ्ट बंद होने से ऊपरी मंजिलों में पहुंचने के लिए लोगों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, कर्मचारियों को ऑक्सीजन सिलिंडर और अन्य जरूरी सामान ऊपर पहुंचाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से लिफ्ट खराब होने की सूचना भी परिसर में चस्पा की गई है लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मरीजों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट खराब होना कोई नई बात नहीं है। अकसर लिफ्ट तकनीकी खराबी का शिकार हो जाती है, जिससे मरीजों और तीमारदारों की परेशानियां बढ़ जाती हैं।
तीमारदारों के अनुसार विभिन्न जांचों और रिपोर्टों के लिए उन्हें बार-बार अलग-अलग मंजिलों और धरातल तल पर जाना पड़ता है। लिफ्ट के सुचारु रूप से चलने पर यह प्रक्रिया आसान रहती है लेकिन लिफ्ट खराब होने से समय के साथ-साथ शारीरिक परेशानी भी बढ़ गई है। खासकर बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों और उनके परिजनों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मांग की है कि लिफ्ट की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की लिफ्ट खराब होने की सूचना मिली है। जल्द ही इसकी मरम्मत करवा दी जाएगी। -डॉ. रमेश भारती, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर
फोटो कैप्शन:
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में खराब लिफ्ट के बाहर इंतजार करते मरीज और तीमारदार। -संवाद