उपमंडल स्तर पर अभी तक नहीं की गई कोई भी बैठक
विभिन्न विभागों को भी नहीं किया गया है अलर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी(हमीरपुर)। पिछली बरसात में आई आपदा से भी बड़सर प्रशासन ने सबक नहीं लिया है। मानसून की तैयारी को लेकर अभी तक प्रशासन एक भी बैठक नहीं कर पाया है जबकि, मानसून क्षेत्र में पहुंच चुका है। हाल ही में हल्की सी बारिश होने के बाद बिझड़ी तहसील में एक बड़ा पुराना चीड़ का पेड़ गिर गया। गनीमत यह रही कि पेड़ उस समय गिरा जब तहसील परिसर में लोग नहीं थे।
अगर दिन में यह पेड़ गिरता तो जानमाल की हानि हो सकती थी। प्रशासन की ओर से अभी तक प्री मानसून की तैयारी को लेकर कोई बैठक नहीं की है। महज जिलास्तर पर ही बैठक की गई है। क्षेत्र में कई ऐसे सरकारी आवास कार्यालय और अन्य भवन हैं जिनके ऊपर कई पेड़ झुके हुए हैं तथा गिरने के कगार पर हैं। इससे कभी भी सरकारी संपदा का नुकसान हो सकता है। कई स्थान पर ये पेड़ निजी आवासों पर भी हैं। दूसरी ओर खड्डों और नदियों के किनारे कई प्रवासी झोपड़ियों में रह रहे हैं जो कभी भी भारी बारिश की चपेट में आ सकते हैं। बड़सर प्रशासन ने अभी तक ऐसी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की है। वहीं, मौसम विभाग ओरेंज और यलो अलर्ट जारी कर रहा है। एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम ने कहा कि जिला स्तर पर बैठक हो चुकी है और अगले सप्ताह में उपमंडल स्तर पर भी बैठक कर ली जाएगी।