रंगस/नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए गए बैरिकेड्स से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने शनिवार को यातायात पुलिस की टीम के साथ गगाल चौक और अस्पताल चौक पर बैरिकेड्स को दोबारा व्यवस्थित करवाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि इन्हें हटाने या इनके साथ छेड़छाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसडीएम ने कहा कि मुख्य बाजार, अस्पताल चौक और अन्य संवेदनशील स्थानों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए हैं। कुछ लोग देर रात इन्हें हटाकर यातायात नियमों की अनदेखी करने का प्रयास कर रहे हैं।
इससे वाहनों की तेज गति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। बैरिकेड्स न होने पर पुलिस के लिए वाहनों की नियमित जांच के दौरान उन्हें रोकना भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि बैरिकेड्स से छेड़छाड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। बैरिकेड्स पैदल चलने वालों की सुरक्षा और चौराहों पर दुर्घटनाएं रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।