नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को सेना दिवस के कार्यक्रम के लिए निमंत्रण पत्र सौंपते अभिषेक राणा। स
सुजानपुर (हमीरपुर)। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट की ओर से 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मीडिया को दिए बयान में संस्था के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक वर्ष सेना दिवस का आयोजन किया जाता है।
इस वर्ष के आयोजन में महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ विशेष भूमिका में शामिल होंगे, जिनकी उपस्थिति कार्यक्रम को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान करेगी। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश की नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उन्हें संस्था की ओर से निमंत्रण दिया गया है।
राणा ने कहा कि आयोजन में प्रदेश के अनेक गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ हजारों की लोग शामिल होंगे। यह कार्यक्रम न केवल सेना के शौर्य और बलिदान को नमन करेगा, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करेगा।
इस अवसर पर एक भव्य परेड का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें ऊंटों एवं घोड़ों की परेड विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। यह परेड भारतीय सैन्य परंपरा, अनुशासन और वीरता का जीवंत प्रदर्शन होगी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे।