भोरंज (हमीरपुर)। भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहनवीं के नए भवन के दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत एसडीएम भोरंज ने स्कूल में कक्षाएं बंद रखने के निर्देश दिए थे। दो दिन के अवकाश के बाद शुक्रवार को स्कूल खुला। स्कूल खुलने पर 193 में से 165 विद्यार्थी ही स्कूल पहुंचे। जबकि, 28 विद्यार्थी स्कूल से अनुपस्थित रहे। स्कूल भवन में चारों ओर मलबा पड़ा हुआ है। जिस कारण स्कूल के अतिरिक्त भवन को भी खतरा बना हुआ है। भूस्खलन के कारण स्कूल के एक कमरे की दीवार पूरी तरह टूट गई है। एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप व विधायक सुरेश कुमार ने स्कूल का दौरा कर फौरी तौर पर विभाग को स्कूल भवन के अंदर से मलबा हटाने के निर्देश दिए लेकिन अभी तक स्कूल भवन से मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। स्कूल भवन के दो कमरों के टूटने से अन्य कमरों में भी दरारें आ चुकी हैं। यहां पढ़ाने वाले अध्यापक और छात्र डर के साये में हैं। कई परिजन तो डर के कारण बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं। वर्तमान में विद्यार्थियों को प्राथमिक पाठशाला के तीन कमरों में पढ़ाया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। वहीं, प्राथमिक स्कूल में पांच कमरों की व्यवस्था है। इनमें से तीन कमरों को अस्थायी तौर पर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ने ले लिया है। जिसके चलते अब प्राइमरी स्कूल में दाखिल कक्षा एक से पांचवीं तक 30 विद्यार्थियों को दो कमरों में पढ़ाया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को बैठने में भी परेशानी हो रही है। वहीं, छठी से बारहवीं कक्षा तक करीब 193 विद्यार्थियों को बरसात के मौसम में महज तीन कमरों में पढ़ाने में परेशानी हो रही है। मिड-डे मील के लिए भी दिक्कतें हो रही हैं।
इस बारे में प्रधानाचार्य प्रबोध ठाकुर ने कहा कि स्कूल में भूस्खलन के कारण काफी नुकसान हुआ है। उच्च अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवा दिया गया है। विद्यार्थियों को अस्थायी तौर पर प्राथमिक स्कूल के भवन में पढ़ाया जा रहा है। भवन की मरम्मत का कार्य शीघ्र करवा दिया जाएगा।