डिडवीं टिक्कर/हमीरपुर। जिले में पिछले दिनों भारी बारिश से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। उपमंडल नादौन के गांव रैल में ब्यास नदी में बही महिला का शव शुक्रवार को कांगड़ा के हरिपुर में बरामद हुआ। महिला की पहचान शारदा कुमारी (50) पत्नी रामश्रवण निवासी गांव रैल के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पूर्व जिले में बारिश से चार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, बारिश से आठ कच्चे मकान, 11 पशुशालाएं, दो पक्के मकान जमींदोज हो गए। मलबा गिरने के कारण एक भैंस की भी मौत हो गई। कुल 4,26,000 रुपये का नुकसान हुआ। ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर के वार्ड नंबर दो कधरियाणा गांव में गत रात्रि अढ़ाई बजे के करीब प्रीतम चंद पुत्र ऊधो राम का मकान क्षतिग्रस्त हुआ। यह घटना तब हुई जब प्रीतम चंद का सारा परिवार सो रहा था। इनमें वह स्वयं, उसकी 80 वर्षीय बूढ़ी मां, पत्नी व दो दिव्यांग बच्चे शामिल हैं। गनीमत रही कि वह स्वयं व उसका पूरा परिवार हादसे के कारण घायल नहीं हुए। जबकि प्रीतम चंद के मकान की रसोई में फ्रिज व अन्य सारा सामान मलबे में दब गया है।