नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत भरमोटी पंचायत में तेंदुए की दहशत के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। विभाग के लोगों की शिकायत पर वहां पिंजरा तो लगा दिया है। परंतु लोगों के मन में दहशत बनी हुई है। भरमोटी पंचायत प्रधान प्रियतोश नीशू ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से स्थानीय ग्रामीण गांव में तेंदुए की दस्तक को लेकर शिकायत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत के वार्ड नंबर तीन और चार के लोग सबसे अधिक सहमे हैं। निशु ने कहा कि कई लोगों ने गांव में तेंदुआ देखने का दावा किया है, जिसके उपरांत इसकी सूचना विभाग को दी गई। विभाग की टीम के उपवन परिक्षेत्र अधिकारी विकास दत्ता की अगुवाई में गांव में पिंजरा लगवाया और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी। वहीं, पंचायत प्रधान प्रियतोश ने सुबह शाम उस ओर सैर पर जाने वाले लोगों से सैर के समय सतर्कता बरतने का आह्वान किया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।