भौंखर में भूस्खलन से गिरे डंगे से बना मकान को खतरा।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के दो गांवों भौंखर और जड़ोह में भूस्खलन से मकानों को खतरा पैदा हो गया है। वहीं, परिवार के सदस्य भी भय के साये में हैं। हाल ही में हुई जोरदार बारिश के कारण शनिवार शाम को भौंखर गांव में प्रकाश चंद धीमान के घर के पास भूस्खलन होने से घर की एक दीवार गिर गई है। इससे घर को खतरा पैदा हो गया है।
खतरे को देखते हुए पंचायत प्रतिनिधियों ने मौका देख कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। पंचायत उप प्रधान नवीन कुमार का कहना है कि घर के पास डंगा लगाना अति आवश्यक है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है। दूसरी ओर हनोह पंचायत के जड़ोह गांव में हंसराज पुत्र शिवराम के रिहायशी मकान के साथ 15 फीट लंबा व आठ फीट ऊंचा डंगा भूस्खलन की जद में आने से गिर गया है। इससे घर व शौचालय को खतरा बना हुआ है। परिजनों ने मकान को खतरे से बचाने के लिए पंचायत से डंगा लगवाने की मांग की है। हनोह पंचायत प्रधान बोहरा राम ने बताया कि पंचायत ने मौका देख लिया है तथा स्वीकृति मिलते ही डंगे का निर्माण करवाया जाएगा।