बड़सर में करोड़ों रुपये के शिलान्यास करते बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल। स्रोत: कांग्रेस।
बिझड़ी (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने वीरवार को जल शक्ति विभाग के मंडल बड़सर के अंतर्गत लगभग 78 लाख रुपये के विकास कार्यों के शिलान्यास किए। उन्होंने जल शक्ति विभाग के मंडलीय भंडार का शिलान्यास किया। कहा कि इस भवन पर 36.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मंडलीय भंडार का भवन बनने से जल शक्ति विभाग की मशीनरी, उपकरणों, पाइपों और अन्य कीमती सामग्री का भंडारण बेहतर एवं सुरक्षित ढंग से किया जा सकेगा।
उन्होंने गांव बतलाऊ और साथ लगते क्षेत्रों की पेयजल योजना की क्षमता बढ़ाने के लिए शुक्कर खड्ड में बनाए जाने वाले नए परकोलेशन वेल का शिलान्यास भी किया। इस परकोलेशन वेल पर लगभग 41.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र के गांवों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा। बड़सर विधानसभा क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए करोड़ों रुपये की नई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें गोविंद सागर झील से लगभग 137 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना भी शामिल है जो हमीरपुर जिले की सबसे बड़ी पेयजल योजनाओं में से एक होगी।