ऑल्माइटी पब्लिक स्कूल हमीरपुर में दिशा छात्रवृति परीक्षा देने के बाद चर्चा करती छात्राएं
हमीरपुर। अमर उजाला दिशा की ओर से छात्रवृत्ति प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन वीरवार को जिले के तीन स्कूलों में किया गया। इस प्रतियोगी परीक्षा में स्कूलों के 10वीं और 12वीं कक्षा के 178 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा सुबह 11:00 बजे से 11:40 बजे तक आयोजित हुई। इसे लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
न्यू इरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल परोल में 48 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया। लिटिल एंजल पब्लिक स्कूल मैहरे में 105 विद्यार्थी और ऑल्माइटी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के 25 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए। ऑल्माइटी पब्लिक स्कूल हमीरपुर की एमडी पूजा मिन्हास ने कहा कि परीक्षा में पाठ्यक्रम से लेकर सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे गए थे। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और उन्हें अन्य परीक्षाओं में भाग लेने के लिए सहायता मिलेगी। न्यू इरा पब्लिक स्कूल परोल के प्रधानाचार्य अमित ठाकुर ने बताया कि विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परीक्षाओं में हिस्सा लेने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास आता है।
लिटिल एंजल पब्लिक स्कूल मैहरे की प्रधानाचार्य डिंपल कपिल ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लेना महत्वपूर्ण है। अमर उजाला दिशा की छात्रवृत्ति परीक्षा से यह अनुभव विद्यार्थियों को मिला है। अमर उजाला की ओर से विद्यालयों व छात्रों से संपर्क और इंगेजमेंट के लिए महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट दिशा के तहत पहले चरण में 1000 से अधिक विद्यालयों से जुड़ने का लक्ष्य रखा है। देशभर से चयनित छात्रों को पांच करोड़ तक की छात्रवृत्ति, पांच इलेक्ट्रिक स्कूटर, 10 लैपटॉप, 50 स्मार्टफोन, 100 स्मार्टवॉच व अन्य इनाम दिए जाएंगे।
आज तीन स्कूलों में 587 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
अमर उजाला दिशा की छात्रवृत्ति परीक्षा जिला में शुक्रवार को तीन स्कूलों में आयोजित होगी। हिम अकेडमी पब्लिक स्कूल में 139, हमीरपुर पब्लिक स्कूल में 217 और केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में 217 विद्यार्थी इस परीक्षा में हिस्सा लेंगे। 10वीं से 12वीं तक के छात्र परीक्षा के लिए पात्र हैं। ओएमआर आधारित 40 मिनट की एमसीक्यू लिखित परीक्षा तय विद्यालयों में आयोजित की जा रही है।