लग-कड़ियार मेले के शुभारंभ अवसर पर शोभा यात्रा निकालते ग्रामीण। संवाद
उहल (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत लग-कड़ियार में रविवार को लग-कड़ियार मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन टौणी देवी की बीडीओ वैशाली शर्मा ने किया।
इस अवसर पर लग देवी स्थित शीतला माता मंदिर से मेला पंडाल तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह मेला 25 नवंबर तक चलेगा।
शुभारंभ समारोह में जिला परिषद ऊहल वार्ड की सदस्य ज्योति ठाकुर, बीडीसी सदस्य सुषमा ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मेले में लोगों के मनोरंजन और खरीदारी के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। बच्चों के लिए अलग-अलग प्रकार के झूले लगाए गए हैं। वहीं, खान-पान, कॉस्मेटिक्स, कपड़े, खिलौने और घरेलू सामान सहित कई तरह की दुकानें भी सज गई हैं।
दुकानदारों को मेले के दौरान अच्छे कारोबार की उम्मीद है। ग्राम पंचायत लग-कड़ियार के प्रधान सचिन ठाकुर ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र में आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। साथ ही स्थानीय लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलता है।
लग-कड़ियार मेले के शुभारंभ अवसर पर शोभा यात्रा निकालते ग्रामीण। संवाद