जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत लुद्दर महादेव पंचायत के लदेहड़ा गांव में मंगलवार को विधायक आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भोरंज विधायक सुरेश कुमार बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के उद्देश्य से 500 करोड़ रुपये के विकास कार्य अलग-अलग स्थानों पर जारी हैं। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या को दूर करने के लिए तीन बड़ी पेयजल योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। इनमें मेवा-बमसन फेज-दो भोरंज के लिए 24 घंटे पानी की सुविधा वाली पेयजल योजना और पट्टा-लदरौर के लिए गोविंद सागर से पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भोरंज में सब जज कोर्ट की सुविधा दी है लेकिन डबल बैंच की सुविधा के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। भोरंज को नगर पंचायत का दर्जा मिला है। इसमें लदेहड़ा गांव को भी शामिल किया जाएगा। इस दौरान भोरंज ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष विजय बन्याल, पूर्व अध्यक्ष राजीव लाल, सोशल मीडिया प्रभारी चंदन ठाकुर व अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।