नादौन (हमीरपुर)। मटौर-शिमला एनएच पर नादौन के उप डाकघर के निकट लेबर चौक से रामलीला मैदान की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग का कार्य अधर में लटका हुआ है। इस मार्ग पर सीवरेज और पेयजल पाइप लाइनों को बिछाने का कार्य पूरा न होने से मार्ग के निर्माण में देरी हो रही है।
करीब आठ माह पहले इस संपर्क मार्ग पर पानी निकासी के लिए सीवरेज का कार्य शुरू किया गया था। सीवरेज के पाइप डालने के बाद इसे पक्का नहीं किया गया था। इसके कारण आवाजाही में भारी दिक्कत हो रही थी। कई बार तो यह मार्ग कार्य के चलते बंद रखा गया। शहर में आने के लिए अधिकांश लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है और यहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है। अब पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा होते ही इस मार्ग को सीमेंट या पेवर टाइलों से पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों अश्वनी कुमार, पवन कुमार, विपिन कुमार, मनोज कुमार, राजेश कुमारी, अनुज शर्मा और कमलेश ठाकुर ने बताया कि इस मार्ग का कार्य सही ढंग से किया जा रहा है। हालांकि लोगों को इस मार्ग के कार्य को पूरा करते हुए दिक्कतों का सामना करना पड़ा लेकिन अब सीवरेज और पेयजल पाइप लाइनों को बिछाने का कार्य जल्द पूरा होने वाला है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कपिल ने बताया कि पेयजल पाइप लाइनों को बिछाने का कार्य पूर्ण होने पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।