हमीरपुर। होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों के लिए जिला प्रशासन की पहल पर अब सप्ताह में चौबीस घंटे चिकित्सा सलाहकार की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस बारे में उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि घर में पृथकवास (होम आइसोलेशन) में रह रहे कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को दूरभाष के माध्यम से चिकित्सा सलाह प्रदान करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से एक हेल्पलाइन नंबर 1077 जारी किया गया है।
कोरोना संक्रमित व्यक्ति अथवा उनके परिजन इस टॉल फ्री नंबर पर कॉल कर किसी भी प्रकार की चिकित्सा सहायता के लिए कभी भी संपर्क कर सकते हैं। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन और चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगी। इसके लिए तीन चिकित्सकों की एक समर्पित टीम तैनात की गई है जोकि चरणबद्ध दिन-रात अपनी सेवाएं देंगे। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि पृथकवास में घर पर रहने वाले संक्रमितों की देखभाल के लिए सरकार के निर्देशों के अनुसार अन्य माध्यमों से भी लगातार निगरानी एवं संपर्क रखा जा रहा है।
इसके लिए आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता, प्रशासनिक व अन्य अधिकारी नियमित अंतराल में उनके घर पर जाकर अथवा अन्य माध्यमों से संपर्क कर उनका हाल-चाल पूछ रहे हैं। अब दूरभाष के माध्यम से भी चौबीस घंटे डॉक्टरों की समर्पित टीम की उपलब्धता से कोविड-19 संक्रमितों की विभिन्न शंकाओं का निवारण और बेहतर ढंग से हो सकेगा। वहीं, आपात स्थिति में उन्हें कोविड स्वास्थ्य केंद्रों में भेजने में भी आसानी होगी। उन्होंने पृथकवास में रहने वाले सभी संक्रमितों से आग्रह किया है कि वे अपना मनोबल बनाए रखें और किसी भी प्रकार की समस्या अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तुरंत 1077 टॉल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।