हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने वीरवार को शहर में हावी हुए अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की और तीन दुकानों का सामान जब्त किया। मेडिकल कॉलेज के पास तीन बाहरी राज्यों के दुकानदारों ने सड़क पर सामान सजाया था। जिस कारण एंबुलेंस आदि को सड़क पर चलने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल प्रबंधन ने नगर परिषद हमीरपुर को शिकायत की। नगर परिषद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन दुकानदारों का सामान जब्त किया। वहीं, नगर परिषद ने अन्य कई दुकानदारों का सामान अंदर करवाया। कन्या विद्यालय के सामने दुकानदारों ने काफी अतिक्रमण किया हुआ था। जिस कारण राहगीरों व वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नप अधिकारियों और कर्मचारियों ने वहां से भी सामान पीछे हटवाया। नप कर्मियों ने पूरे बाजार का निरीक्षण करते हुए जिन दुकानदारों ने सामान सजाया था, उसे अंदर करवाया। दुकानदारों को सड़क पर बनी सफेद पट्टिका के अंदर सामान रखने का स्थान दिया है, लेकिन अधिकतर दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण किया हुआ है जिस कारण आए दिन लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद के ईओ किशोरी लाल ठाकुर ने कहा कि वीरवार को तीन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया और अन्य दुकानदारों का सामान पीछे हटवाया गया। उन्होंने दुकानदारों को हिदायत दी है कि सड़क पर सामान न सजाएं अन्यथा उचित कार्रवाई की जाएगी।