गांव पंजाहली में जलकर राख हुई रसोईघर।(स्रोत : संवाद)
ताल (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बरोहा में गैस सिलिंडर में आग लगने से एक रसोईघर राख हो गया। बरोहा पंचायत के गांव पंजाहली की मीरा देवी पत्नी मेला राम के घर के साथ बने स्लेटपोश रसोईघर में रविवार को देर शाम अचानक आग लग गई। इससे रसोईघर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया।
सिलिंडर से निकली आग की लपटों के कारण रसोईघर की छत ने आग पकड़ ली। इससे आग ने भयानक रूप ले लिया, जिससे राशन सहित बर्तन राख हो गए। गैस सिलिंडर के फटने के भय से अंदर जाना संभव नहीं था। जब सिलिंडर में गैस जलकर खत्म हो गई, तब जाकर ग्रामीणों ने रसोईघर में लगी आग पर काबू पाया।
उधर, सूचना मिलने पर अग्निशमन दल भी मौके पर पहुंचा, परंतु तब तक गांव वासियों ने आग पर लगभग काबू पा लिया था। हालांकि आग लगने से रसोईघर में रखा सारा सम्मान राख हो चुका था। उधर, बरोहा पंचायत के उप प्रधान सतीश कुमार और हल्का पटवारी अमित कुमार ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।