अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकों में गलत लिखा है नाम, संशोधित करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर में छठी कक्षा की “हिमाचल की लोक संस्कृति और योग” पुस्तक के अंग्रेजी माध्यम संस्करण में गंभीर त्रुटि सामने आई है। राजकीय टीजीटी कला संघ के प्रदेश महासचिव विजय हीर ने बताया कि पुस्तक में किन्नौर जिले का गलत अनुवाद “ट्रांसजेंडर (किन्नर)” के रूप में किया गया है। संभावना है कि यह गलती मशीनी अनुवाद के कारण हुई है। संबंधित प्रश्न में जिलों के गठन/विलय से जुड़े विकल्पों में बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, डलहौजी के साथ ट्रांसजेंडर लिखा गया है, जबकि हिंदी माध्यम की पुस्तक में सही नाम “किन्नौर” है। इसके अलावा पृष्ठ संख्या में भी गड़बड़ियां पाई गई हैं। संघ ने मांग की है कि अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकों की जल्द समीक्षा कर इन त्रुटियों को सुधारा जाए, ताकि विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति न बने।