बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के बिझड़ी स्थित एबीसी चौक पर केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। बीते तीन साल से केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के प्रयास फाइलों में अटके हुए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की थी। एक वर्ष पूर्व विद्यालय के निर्माण के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की टीम ने भी दौरा किया था। इसके बाद लोगों में विद्यालय के जल्द निर्माण की उम्मीद जगी थी, लेकिन फिलहाल अभी योजना कागजों में ही अटकी हुई है।
लोक सभा नजदीक हैं, ऐसे में कभी भी आचार संहिता लग सकती है। ऐसे में लोगों ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से इस केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की मांग उठाई है। एबीसी चौक पर 50 कनाल सरकारी शामलात भूमि उपलब्ध भी है। टीम के दौरे के बाद गत विधानसभा चुनावों से पूर्व यहां पर पेड़ों की मार्किंग तक का कार्य कर दिया गया था। एक साल बाद अभी तक इस प्रोजेक्ट को लेकर जमीनी स्तर पर कुछ भी कार्य नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों रामलाल, श्याम, दीनानाथ का कहना है कि बड़सर के लोगों को उम्मीद थी कि यहां पर केंद्रीय विद्यालय बनेगा लेकिन जमीनी स्तर पर कोई प्रयास नहीं हुए हैं। बड़सर उपमंडल में ढटवाल क्षेत्र में काफी बड़ा क्षेत्र है लेकिन यहां पर कोई भी केंद्रीय शिक्षण संस्थान नहीं है। लंबे समय से लोग यहां पर केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की मांग उठा रहे थे, लेकिन यह मांग पर कागजों में ही अटकी हुई है।
उधर, एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा का कहना है कि मंत्रालय की टीम ने एक वर्ष पूर्व यहां पर दौरा किया है। यहां पर जमीन को चिह्नित करने को लेकर टीम ने मंथन किया था। केंद्रीय मंत्रालय की तरफ से ही इस विषय पर आगामी कदम उठाए जाएंगे।