हमीरपुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर के दो विद्यार्थियों का संभाग स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के लिए चयन हुआ है। 52वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के अंतर्गत बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नादौन में ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इस प्रदर्शनी में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर के सात छात्रों ने भाग लिया। इसमें विद्यालय की सातवीं कक्षा की छात्रा कशिश ने भोजन स्वास्थ्य और स्वच्छता उपविषय में और आठवीं कक्षा के छात्र यशवर्धन लखनपाल ने प्राकृतिक खेती उपविषय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। नवीं कक्षा की छात्रा सिमरन कौर ने संसाधन प्रबंधन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी कशिश और यशवर्धन लखनपाल केंद्रीय विद्यालय क्रमांक- 1 अंबाला में आयोजित संभाग स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में भाग लेंगे।