हमीरपुर। खाद्य आपूर्ति विभाग ने 1,49,000 राशनकार्ड धारकों की केवाईसी सुनिश्चित करने के लिए जिले के 308 डिपोधारकों को 31 दिसंबर तक की डेडलाइन जारी कर दी है। इस तिथि के भीतर सभी डिपो धारकों को अपने डिपो के सभी राशनकार्ड धारकों की केवाईसी करना जरूरी रहेगा।
अगर डिपो धारक इस तिथि के अंदर केवाईसी नहीं करवा पाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। अगर कोई डिपो धारक किसी दूसरे वजह से केवाईसी करवाने में असमर्थ रहता है तो इसके लिए उसे ठोस सबूत खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के समक्ष पेश करने होंगे। विभाग ने पूरे जिले के राशनकार्ड धारकों की केवाईसी करवाने के लिए 31 दिसंंबर तक का नोटिस जारी कर दिया है। यह नोटिस सभी डिपो धारकों के पास पहुंच गया है। ऐसी बहुत सारी कृषि सहकारी सभाएं हैं जिनकी अभी तक पचास प्रतिशत भी केवाईसी पूरी नहीं हो पाई है। इसके लिए कुछ डिपोधारक तो शाम के समय भी उपभोक्ताओं के घरों में जाकर केवाईसी करवाने के लिए मजबूर हो गए हैं। इस बीच उनके दूसरे कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे पहले सर्वर डाउन होने की वजह से डिपोधारक केवाईसी नहीं करवा पा रहे थे, अब जब सर्वर की समस्या हल हुई तो विभाग ने डिपोधारकों को 31 दिसंबर तक 80 फीसदी केवाईसी करवाने के लिए डेडलाइन जारी कर दी है। अब जिले के डिपुओं में राशन का कोटा भी आ गया है। इससे उनकी व्यस्तता और बढ़ गई है। शाम के वक्त ही डिपोधारक राशन का कोटा और दूसरे कार्यों को निपटाकर केवाईसी के काम कर पा रहे हैं। जिला हमीरपुर में 5,51,000 उपभोक्ता हैं। इसमें से केवल अढ़ाई लाख के लगभग राशन कार्ड में पंजीकृत उपभोक्ताओं की केवाईसी अभी तक हो पाई है।
बाक्स
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक अरविंद शर्मा ने बताया कि जिले में डिपोधारकों को 31 दिसंबर तक सभी राशन कार्ड धारकों की 80 फीसदी केवाईसी करवाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।