हमीरपुर। पेपर लीक मामले में दूसरी बार गिरफ्तार किए गए भंग कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सचिव जितेंद्र कंवर की अदालत में पेशी होगी। मामले में दर्ज दूसरी एफआईआर में आरोपी कंवर को 11 दिसंबर को देररात गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने आरोपी को 15 दिसंबर तक पुलिस की रिमांड पर भेजा था। अब विजिलेंस शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश करेगी। दूसरी एफआईआर में पोस्ट कोड 1003 कंप्यूटर ऑपरेटर और 1036 जूनियर ऑडियर प्रश्नपत्र लीक मामले में जितेंद्र कंवर की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इससे पूर्व भी जितेंद्र कंवर को 4 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें पोस्टकोड 965 के तहत हुई जेओएआईटी की परीक्षा में आरोपी बनाया गया था। 5 मार्च को इसी परीक्षा लीक मामले में उन्हें पहली बार एफआईआर में नामजद किया गया था। प्रथम एफआईआर के मामले में 10 मई को जमानत पर रिहा कर दिया गया था। डॉ. जितेंद्र कंवर आयोग में सचिव के साथ-साथ परीक्षा नियंत्रक और भर्ती रिकॉर्ड के कस्टोडियन भी रहे हैं।
मामले की जांच में लगी विजिलेंस ने अब तक 13 मामले दर्ज किए हैं। मौजूदा समय में तीन आरोपी उमा आजाद, उसका बेटा नितिन आजाद और एक अन्य रवि कुमार न्यायिक हिरासत में हैं। जबकि, बाकियों की जमानत हो चुकी है। विजिलेंस ने इस मामले में पहली बार 23 दिसंबर 2022 को हमीरपुर विजिलेंस थाना में एफआईआर दर्ज की थी। पहली एफआईआर में कमीशन की निलंबित वरिष्ठ सहायक उमा आजाद, उसका बेटा नितिन, निखिल, एजेंट संजीव समेत आठ लोग आरोपी बनाए गए थे। विजिलेंस मंडी एसपी राहुल नाथ ने कहा कि आरोपी को शुक्रवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।