अतिक्रमण पर दुकानदार को चेतावनी देते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
कार्रवाई के बाद शहर की सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण हो गया है। हाल ही में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त किया था। कार्रवाई के दूसरे ही दिन कारोबारियों ने दोबारा सड़कों पर सामान सजा दिया। ऐसे कारोबारियों और दुकानदारों के खिलाफ लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार, प्रदीप कुमार, अश्वनी कुमार, रोहित कुमार, दिलीप कुमार का कहना है कि बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सामान जब्त किया। इसके बावजूद कारोबारी सबक नहीं ले रहे। शनिवार को दोबारा शहर की सड़कों पर अतिक्रमण देखने को मिला।
अधिकतर रेहड़ी-फड़ी धारक शनिवार को सड़क पर सामान रखे मिले। लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन अतिक्रमणकारियों पर नियमित कार्रवाई नहीं करता। यही कारण है कि इनके हौसले दिनोंदिन बुलंद हो रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।
नप के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। समय-समय पर अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जाती है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।