राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणीदेवी में एनसीसी जूनियर विंग के शुरू होने पर उपस्थित
32 विद्यार्थियों में से 10 छात्राओं और 15 छात्रों का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में एनसीसी के जूनियर विंग (राष्ट्रीय कैडेट कोर) की औपचारिक शुरुआत की गई। विद्यालय को एनसीसी की 50 सीटें प्राप्त हुई हैं। इससे छात्रों में अनुशासन, फिटनेस और सेवा भावना का विकास होगा। साथ ही उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण निखार भी संभव होगा।
प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि जब उन्होंने विद्यालय का कार्यभार संभाला तो पाठशाला में एनसीसी विंग नहीं था। उन्होंने इसे शुरू करने का संकल्प लिया और निरंतर प्रयास जारी रखे। अब विद्यालय के छात्रों को स्काउट्स-गाइड्स और एनएसएस के साथ-साथ एनसीसी का भी विकल्प उपलब्ध हो गया है। टौणीदेवी सैनिक परंपराओं से जुड़ा क्षेत्र है और यहां के बच्चों में एनसीसी के प्रति गहरी रुचि और उत्साह स्वाभाविक है।
विद्यालय से जमा दो करने के बाद पूर्व छात्रा आनंदिता ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है, जबकि अनुराधा अगले वर्ष प्रतिनिधित्व करेंगी। एनसीसी छात्रों को अनुशासित नागरिक बनाने के साथ ही उन्हें भविष्य में सेना और अन्य सेवाओं में अवसर प्राप्त करने के मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
एनसीसी प्रभारी सुरेश चौहान ने बताया कि जूनियर विंग की शुरुआत के तहत कक्षा नवमी के छात्रों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया के लिए एनसीसी फोर एचपी बटालियन हमीरपुर की ओर से अधिकारी ऑनरेरी कैप्टन पूनम कुमार, हवलदार केवल सिंह और हवलदार विजय कुमार विशेष रूप से विद्यालय में उपस्थित रहे। स्कूल प्रशासन ने कर्नल जीपी सिंह का धन्यवाद किया। उन्होंने छात्रों का शारीरिक परीक्षण, अनुशासन, चाल-ढाल और फिटनेस का आकलन किया। चयन प्रक्रिया में कुल 32 में से 10 छात्राओं और 15 छात्रों का चयन हुआ। पाठशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विकास शर्मा ने भी इस कदम को विद्यालय और क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में यहां के बच्चे एनसीसी के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।