सुजानपुर (हमीरपुर)। जिला परिषद सदस्य कैप्टन रंजीत राणा ने कहा कि सुजानपुर क्षेत्र की जोल प्लाही पेयजल योजना अभी तक बहाल नहीं हो सकी। इस कारण लोगों में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। प्रशासन और जलशक्ति विभाग की ढीले रवैये के कारण आम लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
जिला परिषद सदस्य कैप्टन रंजीत राणा ने कहा कि पानी क्यों नहीं आ रहा, धरातल पर पेयजल भंडारण टैंकों की स्थिति क्या है, मशीनरी काम क्यों नहीं कर रही यह जानने के लिए मंगलवार को जोल प्लाही योजना के भंडारण स्थल कच्छ का दौरा किया।
उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर वह पहुंचे वहां पर पेयजल भंडारण स्थल पर टनों के हिसाब से मलबा भरा हुआ है। मलबा निकालने के लिए एक विभागीय कर्मी और चार मजदूर लगाए गए हैं, जिस कारण योजना को बहाल करने में देरी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि यहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया जाए और विभागीय कर्मियों को निर्देश दिए जाएं कि युद्ध स्तर पर कार्य करें, ताकि लोगों को पानी पीने को मिल सके।