हमीरपुर। जिला हमीरपुर के राजस्व विभाग में पटवारी बनने के लिए युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार को आवेदन का आखिरी दिन होने के चलते जिलाभर से सैकड़ों की संख्या में युवक और युवतियां आवेदन पत्र लेकर हमीरपुर स्थित राजस्व विभाग के कार्यालय में पहुंचे। जिला में पटवारियों के 80 पद भरे जाने हैं। इसके लिए विभाग ने 30 सितंबर सायं पांच बजे तक आवेदन मांगे थे।
सोमवार को सुबह ही सैकड़ों की संख्या में आवेदन लेकर युवक और युवतियां कार्यालय में पहुंचे गए। दिनभर कार्यालय के बाहर लंबी लाइनें लगी रहीं। वहीं भारी संख्या में आवेदन पत्र पहुंचने के चलते राजस्व विभाग को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को प्राप्त होने वाले आवेदन पत्र छंटनी के बाद विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने पड़ रहे हैं। बता दें कि राजस्व विभाग में पटवारी के पदों के लिए विभाग ने बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे थे। अब आवेदन करने वाले अभ्यर्थी लिखित परीक्षा की तिथि का इंतजार कर रहे हैं। उधर, जिला राजस्व अधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि 30 सितंबर तक विभाग के पास करीब 30 हजार आवेदन पत्र आए हैं। आवेदन पत्रों की छंटनी के साथ उसे कंप्यूटर में अपलोड किया जा रहा है।