भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में दिसंबर में हुई चोरी के मामलों का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों की शिनाख्त पर चोरी के आभूषण एक सुनार की दुकान से बरामद किए हैं। उपमंडल भोरंज के तहत तरक्वाड़ी निवासी राकेश कुमार पुत्र जगरनाथ गांव तरक्वाड़ी (गारी) ने भोरंज पुलिस थाना में दिसंबर माह में चोरी की शिकायत दी थी। इसमें कहा गया था कि चोरों ने घर से लगभग पांच लाख के जेवरात और सात हजार रुपये की नकदी चोरी की है।
घटना के समय शिकायतकर्ता और उसका परिवार चंडीगढ़ में था। भोरंज पुलिस ने चोरी के मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमे 6 लोगों की जमानत हो चुकी है। उनमें दो जाहू और एक कैहरवीं का सुनार भी शामिल था। टिक्कर खतरियां चोरी में जिन तीन मुख्य लोगों को गिरफ्तार किया था, उनसे पूछताछ में तरक्वाड़ी (गारी) में हुई चोरी में 5 लाख रुपये कीमत के गहनों को जाहू में सुनार की दुकान से बरामद किया है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए भोरंज थाना प्रभारी सुरम सिंह ने कहा कि तरक्वाड़ी से चोरी हुए 5 लाख रुपये के अभूषण सुनार की दुकान से बरामद हुए हैं। मामले की छानबीन जारी है।