खंड शिक्षा अधिकारी सुजानपुर देशराज शर्मा जेबीटी शिक्षक मनीष कुमार को सम्मानित करते हुए। स्रोत:
सुजानपुर(हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर नौ के निवासी जेबीटी अध्यापक मनीष कुमार अब गूगल सर्टिफाइड एजुकेटर बन गए हैं। मनीष कुमार ने गूगल की ओर से आयोजित दोनों स्तर के टेस्ट पास कर लिए। इनमें गूगल सर्टिफाइड एजुकेटर लेवल-एक और गूगल सर्टिफाइड एजुकेटर लेवल-दो कहा जाता है। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद मनीष गदगद हैं। वहीं, यह सफलता बच्चों को शिक्षा देने में भी सहायक है। खंड शिक्षा अधिकारी सुजानपुर देशराज ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गूगल की सर्टिफिकेशन को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह सर्टिफि़केशन बच्चों को कक्षा कक्ष में पढ़ाने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी का प्रयोग करने के लिए, गूगल की 18 से ज्यादा एप का कक्षा में बेहतर ढंग से प्रयोग करने और कक्षा कक्ष में पाठ्यक्रम की नवीनतम गतिविधियों का आधुनिक ढंग से प्रयोग करने के लिए दी जाती है। गूगल की तकनीक को पाठ्यक्रम से जोड़ने और उसे क्रियान्वित करने की प्रक्रिया शामिल हैं। मनीष कुमार वर्तमान में राजकीय प्राथमिक पाठशाला टीहरा में जेबीटी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।