मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी प्रयोगशालाओं का किया उद्घाटन
कहा, प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित करने के किए जाएंगे प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। आज तक मनुष्य ने जितनी भी मशीनें बनाई हैं, वह आदमी की कमांड से कार्य करती हैं। लेकिन एआई, एजीआई, एआई सुपर इंटेलिजेंस आने के बाद खतरा हो गया है। यह अपने स्तर पर निर्णय ले रहे हैं। ऐसे संकेत मिले हैं कि एआई इंपावर्ड ह्यूमिनाइड रोबोट हैं। यह हमारी कमांड का इंतजार नहीं कर रहे हैं। यह बात तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के समारोह में भाग लेने के दौरान कही। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में 1.80 करोड़ की लागत से निर्मित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स की प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद एनएसयूआई के सांस्कृतिक एवं पारितोषिक वितरण समारोह संग्राम-2.0 में शिरकत की। कहा कि विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डाॅ. पुष्पेंद्र वर्मा ने समारोह के आयोजन के लिए अपनी ओर से 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गति सीमा को बढ़ाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को अवश्य विचार करना चाहिए। जिन स्थानों पर सड़क अच्छी हैं और विजिबिलिटी पूरी है, वहां पर गति सीमा को बढ़ाना चाहिए। राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से विदेश में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के कदम उठाए जा रहे है। इंटरनेशनल माइग्रेशन एजेंसी स्थापित करने की आवश्यकता है। प्रदेश सरकार की ओर से जायका के साथ एमओयू साइन किया गया है, जिसके तहत जो युवा जापान में काम करना चाहते हैं उन्हें जापानी भाषा सिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यूरोप सहित अन्य देशों में कुशल वर्करों की आवश्यकता है। हम कुशल कारीगर तैयार करेंगे। उसी से देश का चहुमुखी विकास संभव है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शशि कुमार धीमान, विश्वविद्यालय के डीन डॉ. जयदेव, रजिस्ट्रार केडीएस कंवर, कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
बॉक्स
तथाकथित कर्मचारी नेताओं के खिलाफ नोटिस भेजा
राज्य सचिवालय में कार्यरत कर्मचारी नेताओं के खिलाफ किए गए विशेषाधिकार हनन नोटिस पर पूछे गए प्रश्न पर मंत्री ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं होता है। चाहे वह मंत्री हो या फिर कर्मचारी। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी के खिलाफ नहीं अपितु तथाकथित कर्मचारी नेताओं के खिलाफ नोटिस भेजा है। मामला विधानसभा की विशेष अधिकार समिति के पास है। इसलिए इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहेंगे। अगर कर्मचारियों को कुछ कहना है तो वह कमेटी के पास कह सकते हैं। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं की ओर से गोसदनों का संचालन बेहतर तरीके से हो रहा है। सरकारी क्षेत्र में भी कोशिश हुई है लेकिन अधिक सफलता नहीं मिल सकी। यदि निजी संस्थाएं अच्छा कार्य कर रही हैं, तो उन्हें सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। अभी गोसदनों को जितने रुपये प्रति पशु पर दिए जा रहे हैं, उसे भविष्य में बढ़ाया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने अपने समय में कोई विकास नहीं किया
गोविंद सागर झील में आरंभ किए गए क्रूज में भारतीय जनता पार्टी की ओर से लगाए गए धांधली के आरोपों की सीबीआई जांच पर मंत्री ने कहा कि भाजपा नेता अपने समय में कोई भी विकास का काम आरंभ नहीं कर पाए। अब झूठे आरोप लगा रहे हैं। जांच प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि झील को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र से गुजरने वाले पर्यटक भी रुक कर बोटिंग सहित अन्य गतिविधियों का लुत्फ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार औहर में हेलीपोर्ट तथा पैराग्लाइडिंग, वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने का काम कर रही है।