जंगली-गौना करौर संपर्क मार्ग हुआ चकाचक। संवाद
धनेटा (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग धनेटा के अंतर्गत जंगली-गौना करौर संपर्क मार्ग पर टारिंग कार्य संपन्न हो गया है। इस संपर्क मार्ग पर अब वाहन चालकों का आवागमन सुगम हो गया है।
सड़क चकाचक होने से वाहन चालकों को गड्ढों से निजात मिल गई। वहीं, गड्ढों के चलते होने वाली दुर्घटनाओं के होने की आशंका भी कम हो गई। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क को चकाचक कर दिया गया है। करीब ढाई किलोमीटर सड़क पर 30 लाख रुपये का बजट खर्च किया गया है। कुछ साल पहले इस मार्ग पर टारिंग हुई थी, लेकिन सड़क काफी जगहों से उखड़ चुकी थी।
इस कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा था। विभाग ने लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप इस मार्ग पर टारिंग शुरू की। टारिंग के बाद मार्ग पहले से बेहतर स्थिति में आ गया है। इससे जंगली, गौना करौर के लोगों को काफी फायदा होगा। वहीं, डाइट गौना करौर जाने वाले अधिकतर विद्यार्थी और अध्यापक भी इसी सड़क का प्रयोग करते हैं।
लोक निर्माण विभाग धनेटा के एसडीओ अमन कुमार ने बताया कि जंगली-गौना करौर पर टारिंग की गई है। करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग लोगों को गड्ढा मुक्त सड़क सुविधा देने के लिए प्रयासरत है।